राज्य समाचार

नियद नेल्लानार योजना से हो रहा संवेदनशील क्षेत्र का विकास : मुख्यमंत्री साय

पखांजूर-मायापुर सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपए की घोषणा की

उत्तर बस्तर कांकेर (ग्रामयात्रा छत्तीसगढ़ )। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के संवेदनशील क्षेत्र पखांजूर का दौरा किया, जहां पर उन्होंने कुल 02 अरब 54 करोड़ 15 लाख रुपए के 68 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष असीम रॉय की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्रवासियों को विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कार्यक्रम में पखांजूर से मायापुर सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 8.78 करोड़ रुपए, खेल परिसर निर्माण के लिए 02 करोड़, नालंदा परिसर लाइब्रेरी स्थापना की घोषणा तथा सिविल अस्पताल के मरम्मत कार्य के लिए 30 लाख की घोषणा की। आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना से माओवाद प्रभावित क्षेत्र के गांवों का सतत् विकास हो रहा है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

पखांजूर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि 13 दिसंबर को प्रदेश की सरकार का एक साल पूरा होने जा रहा है और इतने कम समय में जनता से किए गए वायदों को पूरा करने सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार गठन के तुरंत बाद 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर किसानों को अंतर की राशि का भुगतान किया,  प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए प्रकरण स्वीकृत हुए। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए के मान से प्रति मानक बोरा खरीदा जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बस्तर के विकास के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। नियद नेल्लानार योजना के तहत माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास से जोड़ने पीएम जनमन योजना चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने आगे बताया कि प्रदेश में नई उद्योग नीति लागू कर व्यवसाय और उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी तरह राज्य पीएससी की परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सीबीआई लगातार कार्रवाई कर रही है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पिछले एक साल में साय सरकार ने प्रदेशवासियों के लिए अनेक कार्य किए। महिलाओं को  महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगातार आवास बन रहे है। किसानों से लेकर हर वर्ग का कल्याण हो रहा है। इसके पहले, अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि एक वर्ष में सरकार ने सभी वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है और सभी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार प्रगति की है। कार्यक्रम में कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले की प्रगति और उपलब्धियों पर आधारित प्रतिवेदन का वाचन किया।

“सुशासन का एक साल” थीम पर आधारित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने इसके पहले बस स्टैंड पखांजूर में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष असीम रॉय की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात उन्होंने कुल 02 अरब 54 करोड़ 15 लाख रूपए के 68 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमेंं 215.41 करोड़ रूपए के 43 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 38.74 करोड़ रूपए के 25 कार्यों का लोकार्पण सम्मिलित हैं। इस अवसर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम, नगर पंचायत पखांजूर की अध्यक्ष मोनिका साहा, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, मंतूराम पवार, राज्य मत्स्य विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भरत मटियारा सहित डी आई जी अमित तुकाराम कांबले, एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला, एडीएम अंतागढ़ बीएस उइके, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी के अलावा वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

 

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button