खेल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 6-1 से रौंदा

एंटवर्प। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को यहां हरमनप्रीत सिंह के 2 गोल की मदद से बेल्जियम के अपने दौरे के दूसरे मैच में विश्व में 8वें नंबर के स्पेन को 6-1 से करारी शिकस्त दी।
विश्व में 5वें नंबर की भारतीय टीम की तरफ से हरमनप्रीत ने 28वें और 32वें मिनट में गोल किए। उनके अलावा मनप्रीत सिंह (24), नीलकंठ शर्मा (39), मनदीप सिंह (56) और रूपिंदरपाल सिंह (59) ने एक एक गोल किया।
भारत ने मैच में आक्रामक शुरुआत की और लगातार हमले करके स्पेन की रक्षापंक्ति को व्यस्त रखा। इसके बावजूद भारतीय टीम पहले क्वार्टर में गोल करने या पेनल्टी कार्नर हासिल नहीं कर पायी। मैच का पहला पेनल्टी कार्नर पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में स्पेन को मिला था लेकिन गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने भारत पर आया खतरा टाल दिया था।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में अच्छे प्रयास किए लेकिन स्पेन के गोलकीपर क्विको कोर्टेस ने अच्छे बचाव किए। आखिर में 24वें मिनट में कप्तान मनप्रीत सिंह गोल करने में सफल रहे। 4 मिनट बाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर बढ़त दोगुनी कर दी। स्पेन ने हालांकि जवाबी हमला किया और मध्यांतर से पहले गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर के शुरू से ही भारतीय टीम आक्रामक हो गई। भारत को तुरंत ही पेनल्टी कार्नर मिला जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला। मिडफील्डर नीलकंठ शर्मा ने 39 मिनट में बेहतरीन गोल दागकर तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक स्कोर 4-1 कर दिया।
भारत ने आखिरी क्वार्टर में भी मैच पर नियंत्रण रखा और स्पेन को कोई मौका नहीं दिया। पूरे खेल के दौरान भारत आक्रमण करता रहा। मनदीप ने 56चें मिनट में टीम की तरफ से 5वां गोल किया जबकि रूपिंदरपाल सिंह ने आखिरी क्षणों में पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील किया। बेल्जियम दौरे के तीसरे मैच में भारतीय टीम रविवार को फिर से स्पेन से भिड़ेगी।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button