राज्य समाचार

रेल पटरियां बहीं, स्टेशन में भरा पानी, वाल्टेयर रूट की सभी ट्रेनें रद्द

Spread the love

जगदलपुर। पड़ोसी राज्य ओड़िशा में रायगढ़ा-संबलपुर रूट में तीन-चार स्थानों पर भारी बारिश से रेल पटरियां बहने से एक बार फिर रेल आवागमन प्रभावित हुआ है। इसका असर बस्तर से चलने वाली हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी और जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस पर पड़ा है। बुधवार को भी हावड़ा से जगदलपुर आ रही समलेश्वरी एक्सप्रेस को संबलपुर में रद्द कर वहीं से हावड़ा वापस भेज दिया गया।
इधर जगदलपुर से हावड़ा के लिए निकली ट्रेन रायगढ़ा से वापस जगदलपुर लौटाई गई है। दूसरी ओर जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस को दोनों ओर से रद्द कर दिया गया है। कोरापुट से संबलपुर की ओर आने-जाने वाली यात्री ट्रेनें भी दो दिनों के लिए रद्द कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ सीमा से लगे ओडिसा के बलांगीर स्टेशन में बारिश का पानी वेटिंग रूम तक भर गया।
वाल्टेयर रेलमंडल मुख्यालय से जारी एक प्रेस नोट में बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से संबलपुर अंचल में हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण टिटलागढ़ से संबलपुर के बीच बरगढ़, देवगांव रोड, बारपाली, डांगुरपल्ली आदि स्टेशन क्षेत्रों में तीन-चार स्थानों में पटरियों के नीचे की मिट्टी बह गई है। बारिश जारी रहने से रेलमार्ग की मरम्मत में दो से तीन दिन का समय लगने की संभावना जताई गई है।
कुछ दिन पहले छह अगस्त को रायगढ़ा- टिटलागढ़ सेक्शन में भी बारशि और बाढ़ से रेलपटरियां बह गई थी। इसके कारण सात से 11 अगस्त तक रेल आवागमन बंद था। इस दौरान समलेश्वरी और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। आठ दिनों बाद इसी रूट पर दोबारा पटरियां क्षतिग्रस्त होने से एक बार फिर वैसी ही स्थिति बन गई है।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button