राज्य समाचार

प्रदेश में अल्प वर्षा को देखते किसानों को सिंचाई पंप कनेक्शन-ऊर्जीकरण के कार्यों में तेजी लाने पर जोर

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए, सभी ईई से रूबरू हुए चेयरमैन

Spread the love

रायपुर। राज्य पॉवर कंपनी ने सुदूर अंचलों में 59 कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों तक सीधे वार्ता हेतु नेटवर्क को मजबूत बनाने में सफलता पाई है। इसका उपयोग करते हुए उपभोक्ताओं की सेवा में वृद्धि, शिकायतों के त्वरित निराकरण, कृषकों के पम्प ऊर्जीकरण, वर्षाकाल में विद्युत विषयक कार्यों की प्रगति, विद्युत दुर्घटना-चोरी रोकने जागरूकता सहित राज्य शासन की रीति-नीति के अनुरूप बिजली की निर्बाध आपूर्ति जैसे विषयों पर त्वरित कार्यवाही हेतु छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कम्पनीज के अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक मोहम्मद कैसर अब्दुल हक (आईएएस) ने मैदानी अधिकारियों से चर्चा की।
मैदानी अधिकारियों से चर्चा करते हुए पॉवर कंपनी अध्यक्ष श्री शुक्ला ने प्रदेश में अवर्षा से कृषि जगत के हालात पर निगरानी रखते हुए सिंचाई पम्पों को कनेक्शन देने, पम्पों के ऊर्जीकरण संबंधी कार्यो में तेजी लाने के अलावा विद्युत लाईनों के विस्तार कार्य हेतु आवश्यक सामग्रियों का संग्रहण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में निर्माण सामग्रियों के परिवहन में भी कठिनाईयां आती है अत: मैदानी अधिकारी नवनिर्माणाधीन स्थलों पर यथासमय सामग्रियों का परिवहन कार्य पूर्ण कर लें।
कंपनी मुख्यालय में संचालित पॉवर कंपनी के इन्फोटेक सेन्टर (ईआईटीसी) के मुख्य अभियंता हर्ष गौतम सहित उनकी टीम के सफल प्रयासों से वीडियो कांफ्रेसिंग का निर्बाध संचालन किया जा रहा है। श्री गौतम ने बताया कि ईआईटीसी द्वारा उपभोक्ताओं के हित में लेटेस्ट टेक्नालाजी को निरन्तर बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दिशा में टेक्नालाजी का विस्तार करते हुए पॉवर कंपनी मुख्यालय की भांति क्षेत्रीय मुख्यालयों में भी वीडियो कांफ्रेसिंग की शुरूआत करने में कामयाबी मिली है।
अब क्षेत्रीय मुख्यालय तथा जिला मुख्यालय के अधीक्षण अभियंता अपने अधीनस्थ मैदानी अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेसिंग द्वारा बिजली व्यवस्था की अद्यतन जानकारी ले सकेंगे। वीडियो कांफे्रसिंग की सुविधा का विस्तार अधीक्षण अभियंता स्तर तक हो जाने से ग्रामीण एवं वनांचलों की बिजली व्यवस्था में सुधार सहित उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द निपटारा करने में सहुलियत होगी।
विदित हो कि वीडियो कांफ्रेसिंग का विस्तार निचले स्तर तक करने का पॉयलट प्रोजेक्ट की शुरूआत सर्वप्रथम सुदूर बस्तर संभाग के सातों जिलों में किया गया। जगदलपुर मुख्यालय के मुख्य अभियंता कार्यालय से विडियो कांफ्रेसिंग के जरिये बस्तर संभाग के सातों जिले के कार्यपालन अभियंता संभाग के मैदानी अधिकारियों से सफलतापूर्वक चर्चा की गई।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button