राज्य समाचार

शहरी इलाकों में कांग्रेस ने ध्यान केन्द्रित किया, शहरी तबके के लोग सर्जिकल स्ट्राइक प्रभावित

Spread the love

रायपुर। प्रदेश के आधा दर्जन शहरी इलाकों में कांग्रेस ने ध्यान केन्द्रित किया है। यहां कुछ हद तक भाजपा के प्रभाव को कम करने की कोशिश की जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य मंत्री जुटे हैं। बताया गया कि श्री बघेल ने भिलाई की दोनों विधानसभा सीटों के प्रमुख नेताओं से चर्चा की है। साथ ही वे कर्मचारी यूनियन को भी साधने की कोशिश कर रहे हैं।
विधानसभा में हार के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चलते शहरी इलाकों में भाजपा की स्थिति बेहतर बताई जा रही है। इनमें भिलाई शहर, वैशाली नगर, राजनांदगांव शहर, बिलासपुर शहर और रायपुर दक्षिण व पश्चिम शामिल हैं। यहां संपन्न-अधिकारी-कर्मचारी और व्यापारी तबके के लोगों के बीच भाजपा के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है। शहरी तबके के लोग सर्जिकल स्ट्राइक जैसी घटनाओं से काफी प्रभावित दिख रहे हैं और श्री मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं।
यद्यपि विधानसभा चुनाव में इनमें से ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन लोकसभा चुनाव में अनुकूल स्थिति दिख रही है। यही वजह है कि शहरो पर कांग्रेस ने विशेष रूप से ध्यान केन्द्रीत किया है। भिलाई की दोनों सीटों पर लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी बढ़त मिलती रही है। इससे दुर्ग लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी की राह आसान हो जाती थी, लेकिन पिछले चुनाव में ग्रामीण इलाकों में पिछडऩे के कारण भाजपा प्रत्याशी सरोज पाण्डेय चुनाव नहीं जीत पाई।
बताया गया कि शहरों पर भी बढ़त बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने कोशिशें शुरू कर दी है। दुर्ग शहर में प्रचार के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री मोतीलाल वोरा को बुलाया गया है। वे कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर के लिए शहर में घूमकर वोट मांगेंगे। श्री वोरा का दुर्ग शहर और भिलाई में प्रभाव है। इसके अलावा खुद श्री बघेल भिलाई में कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क में है और उन्हें कांग्रेस के लिए मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा शहरी वोटरों को साधने के लिए कई कर्मचारी नेताओं की सेवाएं ली जा रही है।
इसी तरह राजनांदगांव शहर में भी वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व सांसद श्रीमती करूणा शुक्ला को भी वहां प्रचार में भेजा जा रहा है। इसके अलावा खुद प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर भी मेहनत कर रहे हैं। बिलासपुर शहर में भी सभी गुटों के नेताओं को एकजूट कर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ-साथ जोगी कांग्रेस के लोगों का भी साथ लिया जा रहा है। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी यहां जोगी कांग्रेस के नेता धर्मजीत सिंह और कुछ अन्य नेताओं से चर्चा की है। कहा जा रहा है कि तीसरे चरण की सीटों में प्रचार के लिए प्रियंका गांधी अथवा राहुल गांधी का रोड शो किया जा सकता है। यह रोड शो शहरी इलाकों में ही होगा। ताकि कांग्रेस के पक्ष में स्थिति बेहतर हो सके।

Live Cricket Info

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button