राज्य समाचार

भाजपा देशद्रोह कानून पर भ्रम फैला रही है- पुनिया

Spread the love

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने गुरुवार को यहां कहा कि भाजपा देशद्रोह कानून पर भ्रम फैला रही है। उन्होंने घोषणा पत्र के इस बिंदु पर साफ किया कि सुप्रीम कोर्ट के इस कानून के दुरूपयोग की चिंता ध्यान में रखकर घोषणा पत्र में शामिल किया गया है। सरकार बनने पर इस कानून को लेकर सदन में चर्चा होगी और फिर वापसी को लेकर फैसला लिया जाएगा। इससे परे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ में भी देशद्रोह कानून का दुरूपयोग किया गया है। विशेष कर बस्तर में आदिवासियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
श्री पुनिया ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को प्रदेश में लांच करते हुए कहा कि यह घोषणा पत्र आज देश के सभी राज्यों में लांच किए जा रहे हैं। घोषणा पत्र में किसान, मजदूर, युवा, महिला समेत सभी वर्गों का खास ख्याल रखा गया है। यह घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के समय तैयार की गई घोषणा पत्र की तर्ज पर है। उनकी पार्टी ने इसे देश के सभी राज्यों के सभी वर्ग के लोगों से चर्चा करने के बाद तैयार की है और उसमें लोगों के मन की बात है। ऐसा करने से लोगों को अहसास होता है कि वे जो बोल रहे हैं, कांग्रेस उसे लागू करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह पूरा पत्र न्याय के लिए है।
उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में कांग्रेस की न्यूनतम आय योजना को प्रमुख रूप से शामिल किया गया है। केंद्र में उनकी सरकार बनने पर गरीबों को 6 हजार रुपये मासिक के हिसाब से 72 हजार रूपये सालाना मिलेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष श्री गांधी ने इस योजना की घोषणा रायपुर से देशभर के लिए की थी। उन्होंने इसके अलावा किसानों के कर्जमाफी की घोषणा की थी, जिसे सरकार बनने पर यहां तुरंत लागू किया गया और अब यह योजना देश के सभी राज्यों के लिए बनाई गई है। नई योजनाओं के आने से देश में चल रही कोई पुरानी योजनाएं या सब्सिडी बंद नहीं होगी।
श्री पुनिया ने उनकी योजनाओं पर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि कांग्रेस की योजनाओं से भाजपा की चिंता बढ़ती जा रही है और यह कह रही है कि इन योजनाओं के लिए पैसा कहां से आएगा। उन्होंने कहा कि न्यूनतम आय योजना के साथ सभी राज्यों में कर्जमाफी योजना को भी लागू करेंगे। इतना ही नहीं, उनका अंतिम लक्ष्य ऋण मुक्ति होगा, ताकि आगे कोई किसान परेशान न हो। सरकार में इच्छा शक्ति होनी चाहिए, पैसे की कहीं कोई कमी नहीं है। कांग्रेस की सरकार आने पर देश की अर्थव्यवस्था में बेहतर सुधार के साथ देश का तेजी से विकास होगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राजद्रोह कानून का केंद्र सरकार दुरूपयोग कर रही है। छत्तीसगढ़ में भी सरकार के खिलाफ बोलने पर इस कानून के तहत तुरंत कार्रवाई हो रही है। खासकर बस्तर में आदिवासियों के खिलाफ यह धारा ज्यादा लगाए गए हैं। उनकी सरकार इस पर एक रिपोर्ट तैयार करा रही है। इसके बाद उस पर आगे विचार किया जाएगा।

Live Cricket Info

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button