नेशनल

कर्नाटक में घमासान: कांग्रेस के दो विधायक भिड़े, एक अस्पताल में भर्ती

Spread the love
Listen to this article

कर्नाटक में भाजपा की ओर से कथित तौर पर तोड़े जाने की आशंका के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने विधायकों को बेंगलुरु के एक रिसॉर्ट में रखा है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को रिसॉर्ट में ही दो विधायक जे.एन.गणेश और आनंद सिंह आपस में भिड़ गए। बाद में आनंद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि यह घटना शनिवार की रात शहर के उस रिजॉर्ट में हुई जहां कांग्रेस के विधायक शुक्रवार से ही जमे हुए हैं। उन्होंने बताया कि बल्लारी जिले के कम्पली विधानसभा क्षेत्र से विधायक जे एन गणेश के साथ हुई झड़प के बाद होसपेट से विधायक आनंद सिंह को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर हाथापाई हो गई।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, आंनद सिंह की आंखें काली पड़ गई हैं और उन्हें काफी चोट आई है। उन्होंने कहा, आनंद ने बेचैनी की शिकायत की थी, लेकिन अब वह ठीक हैं और वॉर्ड में हैं। गणेश कांग्रेस के उन असंतुष्ट विधायकों में शामिल बताए जाते हैं, जो कथित तौर पर भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे पार्टी के असंतुष्ट विधायकों के संपर्क में हैं।
कांग्रेस ने कहा झड़प की वजह निजी
कांग्रेस प्रवक्ता एवं निजामाबाद के पूर्व सांसद मधु गौड़ याक्षी ने बताया, यह निजी मामला था। इस झड़प का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वे एक ही जिले के हैं और उनके कारोबारी रिश्ते हैं। यह झगड़ा उसी से जुड़ा है। उन्होंने कहा, मेरी की मौजूदगी में दोनों विधायकों ने रात में खाना खाया और उस समय सब कुछ अच्छा था, लेकिन जैसे ही वह वहां से गए तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। हालांकि, कर्नाटक के मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी. के.शिवकुमार झड़प की घटना से ही इनकार किया है।
अब तक मामला दर्ज नहीं
पुलिस ने बताया कि उसे इस बाबत अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कांग्रेस विधायक रघुनाथ ने कहा,हमें अस्पताल के भीतर नहीं जाने दिया गया।
भाजपा ने साधा निशाना
भाजपा ने ट्वीट किया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस झगड़ा रोकने में नाकाम रही। हम उम्मीद करते हैं कि आनंद सिंह का इलाज कराया जा रहा होगा और हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पार्टी ने तंज कसते हुए कहा, दुर्भाग्यवश अब दिनेश गुंडू राव (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) भाजपा पर भी ठीकरा नहीं फोड़ सकते, क्योंकि विधायक तो उनकी निगरानी में ही रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button