राज्य समाचार

ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट से जुड़ा IPS अफसर:ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर हो रही थी वसूली, SSP बोले- कोई बख्शा नहीं जाएगा

Spread the love

बिलासपुर-   छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में खबरों के नाम पर ब्लैकमेलिंग और कथित वसूली करने वाले सिंडिकेट के मामले में पुलिस ने कमल प्रसाद चौबे को गिरफ्तार किया है। वह दीपक टंडन का साला है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सिंडिकेट के कथित बॉस के रूप में एक सीनियर IPS अफसर का नाम सामने आया है। आरोप है कि इस अफसर के माध्यम से ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भी अवैध वसूली की जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने अभी अफसर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।  रायपुर में ‘द हनी बैजर न्यूज’ पोर्टल की आड़ में चल रहे इस कथित सिंडिकेट की जांच में अब पुलिस विभाग से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है। पुलिस आरोपियों के संपर्कों, आर्थिक लेनदेन और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जांच में संगठित अपराध का खुलासा होता है तो इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

 

जीजा के बाद साला गिरफ्तार, पूछताछ में बॉस का नाम आया सामने

बताया जा रहा है कि दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद उसके साले कमल प्रसाद चौबे ने पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़े अपने कथित बॉस का नाम बताया है। यह नाम पुलिस विभाग के एक सीनियर IPS अफसर का बताया जा रहा है।  बताया जा रहा है कि दीपक टंडन इस पूरे नेटवर्क में एक मोहरे की तरह काम कर रहा था। उसके पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों का नेटवर्क सक्रिय था। ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कथित वसूली में भी इस नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।   हालांकि, पुलिस ने अभी तक संबंधित अफसर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और आरोपियों से मिली जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वेलकम श्री होटल से कमल का कनेक्शन, गतिविधियों की जांच

इस मामले में कमल चौबे का वेलकम श्री होटल से जुड़ाव भी जांच के दायरे में है। बताया जा रहा है कि वह होटल की देखरेख करता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि होटल में उसकी वास्तविक जिम्मेदारी क्या थी और वहां किन लोगों का आना-जाना था।  एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि दीपक टंडन से पूछताछ में उसके साले कमल प्रसाद चौबे का नाम सामने आया था। कमल हनी बैजर न्यूज का संपादक था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

 

चार जिलों में 8 FIR, 11 शिकायतें भी मिलीं

दीपक टंडन के खिलाफ लंबे समय से ठगी और भुगतान में टालमटोल की शिकायतें मिल रही थीं। हालांकि, शुरुआत में इन शिकायतों पर FIR दर्ज नहीं हुई थी।  6 नवंबर 2026 को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने AI से तस्वीरों में छेड़छाड़, कथित ब्लैकमेलिंग और जादू-टोना के मामले में दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े बाकी आरोपों की जांच शुरू हुई।  अब तक रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में कुल 8 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें रायपुर के तेलीबांधा थाने में 5, जबकि बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक FIR दर्ज है। इसके अलावा पुलिस को 11 अन्य शिकायतें भी मिली हैं।  जांच में वेलकम श्री होटल से जुड़े लेनदेन और ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली की जानकारी भी सामने आई है। इस काम के जरिए करोड़ों रुपए के लेनदेन की बात कही जा रही है। पुलिस अब इन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।

 

जीजा की गिरफ्तारी के बाद एक महीने से फरार था कमल

दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद से कमल प्रसाद चौबे फरार था। बिलासपुर पुलिस करीब 1 महीने से उसकी तलाश कर रही थी। इस दौरान वह अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था।  पुलिस को जानकारी मिली कि कमल रायपुर के पास एक गांव में अपने करीबी रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।  पूछताछ में कमल ने सिंडिकेट से जुड़े कई लोगों और उनके संपर्कों के बारे में जानकारी दी है। यह भी दावा किया जा रहा है कि उसने कुछ पुलिस अधिकारियों के नाम बताए हैं।  पुलिस अब इन बयानों का सत्यापन कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने मदद पहुंचाई थी।

मोबाइल और गैजेट्स की फोरेंसिक जांच, नेटवर्क की होगी पड़ताल

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और बाकी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।  पुलिस इन उपकरणों से मिली जानकारी के आधार पर सिंडिकेट से जुड़े लोगों, उनके संपर्कों और कथित वसूली के लेनदेन की पड़ताल कर रही है।  जांच में ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर वसूली और संगठित अपराध से जुड़े सबूत मिलने पर संबंधित लोगों की भूमिका तय की जाएगी।

 

एसएसपी बोले- ऐसे अपराध करने वालों को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि आरोपियों से मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की तह तक जाएगी।  जांच के दौरान संगठित अपराध का खुलासा होता है तो ब्लैकमेलिंग और ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर अवैध वसूली करने वालों को बेनकाब किया जाएगा। ऐसे गलत काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  आरोपियों के मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की तह तक जाएगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button