बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: शहरभर में ताबड़तोड़ रेड, 90 संदिग्ध हिरासत में, 76 गुंडा-बदमाशों पर कार्रवाई


बिलासपुर। शहर में अपराध, चाकूबाजी और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने रविवार सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आदतन बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक सत्यापन और जांच की।

अभियान के दौरान कुल 90 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं सत्यापन किया गया। जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए गए, जिनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना था। पुलिस टीमों ने निगरानीशुदा बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया तथा उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति भविष्य में चाकूबाजी, मारपीट, अवैध हथियार रखने, भय का माहौल बनाने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई तथा अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
– 90 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सत्यापन एवं पूछताछ।
– 76 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों पर BNSS की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई।
– 12 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय भेजकर जेल भेजा गया।
– 02 आरोपियों से अवैध धारदार हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई असामाजिक तत्व, चाकूबाज या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ग्राम यात्रा छत्तीसगढ़ न्यूज़ नेटवर्क

Live Cricket Info
