1500 टन कोयला जब्त जेसीबी-हाईवा छोड़ भागे ड्राइवर और ऑपरेटर अवैध कोल डिपो सील

बिलासपुर । जिला प्रशासन ने कोयले के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को खनिज विभाग ने बिना लाइसेंस के संचालित मेसर्स कश्यप कोल डिपो में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला, एक ट्रेलर और एक लोडर मशीन जब्त की भी की गई। साथ ही कोल डिपो को सील कर दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने कोल डिपो संचालकों की बैठक लेकर साफ चेतावनी दी थी कि गड़बड़ी मिली तो सीधे कार्रवाई होगी।
बैठक खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही खनिज विभाग ने अवैध कोयला कारोबार पर अब सख्ती शुरू कर दी है। रतनपुर इलाके के ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो पर खनिज विभाग ने छापेमारी की। जांच में पता चला कि डिपो का भंडारण लाइसेंस खत्म हो चुका था, इसके बावजूद वहां कोयले का कारोबार चल रहा था।
इस दौरान मौके पर खड़ी मशीनों को भी सील कर दिया गया। इसी दौरान शासकीय जमीन पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें भी पकड़ी गईं। कार्रवाई देख 2 हाईवा के चालक और जेसीबी ऑपरेटर गाड़ी छोड़कर भाग निकले, जिसके बाद विभाग ने वाहनों को मौके पर ही सील कर दिया। जब्त ट्रेलर और दोनों जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि लोडर और हाईवा को मौके पर ही सील किया गया। खनिज विभाग ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी इलाके में भी संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान पचपेड़ी में अवैध चूना पत्थर परिवहन करते एक हाईवा को पकड़ा गया।
वहीं, लावर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते 2 हाईवा जब्त किए गए। खनिज विभाग पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से एक्टिव है। जिले में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद भी अवैध उत्खनन और परिवहन नहीं थम रहा है। खनिज माफिया चोरी छिपे अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि, विभाग के अफसरों का कहना है कि उनकी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Live Cricket Info