दूरस्थ ग्राम नकिया में कोरबा कलेक्टर की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएँ; विकास और स्वास्थ्य सुविधाएँ बढ़ाने के दिए निर्देश

कोरबा। जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम नकिया में आज कलेक्टर कुणाल दुदावत पीवीटीजी ग्रामीणों के बीच पहुँचे और आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से सहज बातचीत करते हुए कहा, “मैं कलेक्टर हूँ, आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ।” इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों का परीक्षण कर यथासंभव शीघ्र निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर ने सुदूरवर्ती ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग का दौरा कर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली।
ग्राम नकिया में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, आश्रित ग्राम कोतरा डाँड़ तक सड़क निर्माण, ग्राम खराखेत पारा में स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, नकिया में विद्युतीकरण तथा प्रधानमंत्री आवास सहित कई मांगें कलेक्टर के सामने रखीं। कलेक्टर
दुदावत ने सभी मांगों का परीक्षण कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली। कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक को सोमवार को गाँव में शिविर लगाकर जाँच करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को खेती-किसानी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बोर के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी किसानों को प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए कृषि विभाग को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कलेक्टर ने बताया कि सभी पात्र हितग्राहियों का सर्वे किया जा चुका है। जो लोग सर्वे से छूट गए हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। नया लक्ष्य प्राप्त होते ही आवास निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी कि फरवरी माह में जिन स्थानों पर चावल वितरण नहीं हो पाया था, वहाँ मार्च में राशन दुकानों से फरवरी का चावल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
नकिया में विद्युतीकरण के लिए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्राम की सरपंच श्रीमती रमिला मंझवार से चर्चा कर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। बाजार शेड और सीसी सड़क निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को प्राक्कलन तैयार करने तथा जिला पंचायत के सीईओ को ग्राम नकिया की समस्याओं की अलग रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने आवास को शीघ्र पूर्ण करने वाले पहाड़ी कोरवा हितग्राही वीरूराम और शाम कुंवर को सम्मानित भी किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी को अस्पताल में रक्त जांच की सुविधा के लिए शीघ्र लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने, ड्रेसिंग के लिए कॉटन सहित जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में रखने तथा आपात स्थिति में उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने और अस्पताल में प्रसव की सुविधाओं को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि लेमरू स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपचार के लिए आते हैं, इसलिए यहाँ सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ को समय पर उपस्थित रहने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने अंतिम छोर के ग्राम श्यांग को जोड़ने वाले चिर्रा–श्यांग सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जून माह तक सड़क निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मजदूर लगाने और निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
Live Cricket Info