राज्य समाचार

कोरबा सम्मेलन में 3110 श्रमिकों को 1.23 करोड़ की सहायता : लखन लाल देवांगन

 

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कोरबा।  श्रमिकों के सम्मान और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से टीपी नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में श्रमिक सम्मेलन का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में श्रमिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि वितरित की गई।

 

 

अपने संबोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि श्रमिक प्रदेश की रीढ़ हैं और उनके खून-पसीने की मेहनत से ही अधोसंरचना विकास और औद्योगिक प्रगति संभव हो रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है तथा केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में श्रमिकों और उनके परिवारों को लगभग 800 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में अंतरित की गई है।

मंत्री ने कहा कि श्रमिकों के लिए आवास निर्माण सहायता, सुरक्षा उपकरण सहायता, महतारी जतन योजना, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, नोनी सुरक्षा योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति और श्रमिक सियान सहायता योजना सहित कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चलाई जा रही हैं। श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए छात्रवृत्ति, गणवेश, साइकिल वितरण और मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 1 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति तथा विदेश अध्ययन हेतु 50 लाख रुपये तक सहायता का प्रावधान किया गया है।

 

 

 

उन्होंने बताया कि कोरबा श्रमिक बाहुल्य जिला है, जहां BALCO, NTPC और South Eastern Coalfields Limited जैसे बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। श्रमिकों के लिए वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। नई औद्योगिक नीति से रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। श्रमिक समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए श्रमेव जयते पोर्टल और कॉल सेंटर भी संचालित है।

 

 

सम्मेलन में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी लेकर अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

 

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल और श्रम कल्याण मंडल की योजनाओं के तहत 3110 श्रमिकों को कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। इसमें नौनिहाल छात्रवृत्ति, नोनी सशक्तिकरण, महतारी जतन, श्रमिक सियान सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता और मेधावी शिक्षा सहायता योजनाएं शामिल रहीं।

 

 

सम्मेलन स्थल पर विभागीय स्टॉल भी लगाए गए, जहां श्रमिकों का पंजीयन और नवीनीकरण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जिससे उन्हें मौके पर ही प्रत्यक्ष लाभ मिला।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button