राज्य एव शहर

नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ

युवाओं को मिलेगा नया आकाश : बृजमोहन अग्रवाल

 

रायपुर  । नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र के शुभारंभ को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह केंद्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नया आकाश देने वाला मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने इसे राज्य को भविष्य का स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव है। इसके माध्यम से राज्य के छात्र और युवा वैज्ञानिक स्पेस रिसर्च, नवाचार, सिम्युलेशन और अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त करेंगे, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में इस सपने का साकार होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच, विज्ञान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों और राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। इसके लिए सांसद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है, जो छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। इससे राज्य के युवाओं के लिए अनंत संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और वे इसरो, नासा सहित वैश्विक मंचों पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान उन्होंने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण किया था, जहां से उन्हें छत्तीसगढ़ में भी ऐसी ही अत्याधुनिक सुविधा स्थापित करने की प्रेरणा मिली। इसी क्रम में 8 सितंबर 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में रायपुर में स्पेस लैब और सिम्युलेटर स्थापित करने का आग्रह किया था। इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत इस महत्वपूर्ण विषय को उठाकर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट किया।

इसके बाद 18 नवंबर 2025 को अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन ने पत्र के माध्यम से रायपुर में सिम्युलेटर सहित एक अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी थी, जो अब नवा रायपुर में साकार रूप ले चुकी है।

 

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button