जादुई कलश के नाम पे ठगों ने 1.94 करोड़ ठगे 4 गिरफ्तार
जशपुर। जिले में जादुई कलश के नाम पर ग्रामीणों से करोड़ों की ठगी की गई है। शातिर ठगों ने दावा किया कि उन्हें कोरबा से एक जादुई कलश मिला। इसकी कीमत विदेश में अरबों में हैं। सरकार इसको बेचेगी और मुनाफा सभी सदस्यों में बांटा जाएगा।
ग्रामीणों को झांसे में लेकर ठगों ने सिक्योरिटी मनी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 25,000 से 70,000 रुपए वसूले। 1 से 5 करोड़ रुपए मुनाफे का लालच दिया। यह मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। जब ग्रामीणों को इसका फायदा नहीं मिला, तो उन्होंने थाने में शिकायत की। तब इस मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने शुक्रवार को 4 आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में 1 करोड़ 94 लाख रुपए के ठगी के सबूत मिले हैं। यह रकम और भी ज्यादा हो सकती है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 2021 में 6 ठगों ने आरपी ग्रुप नाम से फर्जी कंपनी बनाकर ग्रामीणों को झांसे में लिया। उन्होंने ग्रामीणों को मौखिक रूप से बताया कि कोरबा जिले के मंडवारानी क्षेत्र में एक जादुई कलश मिला है। दावा किया कि यह चमत्कारी धातु का कलश है। यह विदेशों में अरबों की कीमत का है। भारत सरकार इसे बेचेगी, जिससे मुनाफा जुड़े सभी सदस्यों में बांटा जाएगा।
25 से 70 हजार तक की ठगी
ग्रामीणों से सदस्यता, सिक्योरिटी मनी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 25,000 से 70,000 रुपए तक वसूले गए। उन्होंने बाकायदा आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लेकर केवाईसी की झूठी प्रक्रिया भी पूरी की। कंपनी से जुड़ने पर 1 से 5 करोड़ रुपए मिलने का सपना दिखाया गया।
महिला की शिकायत से खुला राज
7 सितंबर 2025 को ग्राम चिड़ौरा की अमृता बाई ने पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसने 2021 में कंपनी में 25,000 रुपए जमा किए थे, लेकिन अब तक कोई फायदा नहीं मिला। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शरू की।
4 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

पुलिस ने मामले में राजेन्द्र कुमार दिव्य, तुरेंद्र कुमार दिव्य उर्फ मनीष, प्रकाश चंद्र धृतलहरे और उपेंद्र कुमार सारथी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कार, मोबाइल और दस्तावेज समेत करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है। वहीं महेंद्र बहादुर सिंह ठाकुर और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
जांच में सामने आया है कि जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों के ग्रामीण इस ठगी के जाल में फंसे हैं। अब तक की जांच में पुलिस को करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपए की ठगी के साक्ष्य मिले हैं, जबकि वास्तविक राशि इससे कहीं ज्यादा होने की आशंका है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह एक बड़ा ठगी का मामला है। जिसमें हजारों ग्रामीणों से करोड़ों रुपए हड़पे गए। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 2 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Live Cricket Info