देश विदेश

सरकार बनी तो नोटबंदी की जांच कराएंगे – कांग्रेस

कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों ने एक वीडियो जारी करके दावा किया कि नोटबंदी के बाद भी 40 फीसदी कमीशन के बदले नोट बदले गए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे नोटबंदी की जांच कराएंगे।
कांग्रेस, राजद, झामुमो और टीडीपी नेताओं की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दावा किया गया कि नोटबंदी के नाम पर लोगों को परेशान किया गया जबकि इसकी आड़ में काफी हेरफेर हुआ। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद नेता मनोज झा, झामुमो नेता हेमंत सोरेन , लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव मौजूद थे।
कपिल कांग्रेस नेता सिब्बल ने कहा कि उन्होंने एक समाचार वेबसाइट से वीडियो डाउनलोड किया है। लेकिन उन्होंने इस वीडियो की जिम्मेदारी लेने से इंकार किया। उन्होंने इस वीडियो का सत्यापन करने से भी इंकार किया और कहा कि जनता तय करे कि यह क्या है।
वीडियो में दावा किया गया है कि अहमदाबाद के निकट भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये मूल्य के चलन से बाहर हो चुके नोट बदले और इसके लिए 40 फीसदी कमीशन लिया गया। सिब्बल ने कहा कि यह तब हुआ जबकि नोटीफिकेशन के द्वारा नोट जमा करने और बदलने की घोषित तारीख बीत चुकी थी।
सिब्बल ने कहा, यह वीडियो सवाल उठाता है कि जब देश की आम जनता कुछ हजार रुपये के लिए मुश्किल का सामना कर रही थी तो उस वक्त गुजरात में भाजपा के कार्यकर्ता के पास इतने पैसे कहां से आए?
उन्होंने कहा, देश को फैसला करना है कि चौकीदार कौन है और चोर कौन है? यह भी तय करना है कि देशभक्त कौन है और देशद्रोही कौन है? एक सवाल के जवाब में सिब्बल ने कहा, यह देशद्रोह किया गया है। आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। हमारी सरकार बनने पर हम इसकी जांच कराएंगे। विपक्ष के नेताओं के आरोप पर फिलहाल भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जेटली ने बताया, फर्जी स्टिंग
विपक्ष के इस दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वित्तमंत्री और भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा, ‘यूपीए का फर्जीवाड़े का कारवां बढ़ता जा रहा है। बीएसवाई की फर्जी डायरी के बाद एक फर्जी स्टिंग। जब असली मुद्दे नहीं हों तो फर्जीवाड़े पर भरोसा करें।’ जेटली ने कहा कि लंदन में ईवीएम पर खुलासे का विफल प्रयास करने वाला और यूपीए के आज के फर्जी स्टिंग के पीछे क्या एक ही शख्स है।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button