राज्य समाचारराष्ट्रीय खबरें

सांसद ज्योत्सना ने संसद में उठाया कोरबा में बढ़ते प्रदूषण और राख की समस्या, कहा- “दिल्ली से ज्यादा प्रदूषण कोरबा में, क्या कर रही है सरकार?”

रायपुर(ग्रामयात्रा छत्तीसगढ़ )। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और पावर प्लांटों से फैल रही राख की समस्या की गूंज आज संसद में सुनाई दी। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रदूषण की तुलना देश की राजधानी दिल्ली से की और सरकार से जवाब मांगा।

सांसद महंत ने संसद में कहा कि कोरबा का प्रदूषण स्तर दिल्ली से भी बदतर है। यहां की वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार है, जो बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि पावर प्लांट्स से निकलने वाली राख और जहरीले धुएं की वजह से कोरबा के लोग अस्थमा, टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

राख से हो रहा जानलेवा प्रदूषण

ज्योत्सना महंत ने बताया कि कोरबा में संचालित पावर प्लांट्स से बड़ी मात्रा में राख निकलती है, जिसे अनियंत्रित रूप से विभिन्न स्थानों पर फेंका जाता है। इससे हवा और पानी दोनों प्रदूषित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकार पावर प्लांट्स से बिजली तो ले रही है, लेकिन जनता को बदले में बीमारियां दे रही है।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रदूषण के कारण प्रतिदिन 500 से अधिक लोग अस्पतालों की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

सरकार को घेरा

सांसद महंत ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से सवाल किया, “सरकार इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठा रही है?” उन्होंने कहा कि कोरबा में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बनाई गई है।

केंद्रीय मंत्री का जवाब असंतोषजनक

भूपेंद्र यादव ने सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए जवाब दिया। हालांकि, सांसद महंत ने इसे असंतोषजनक बताया और इस समस्या के समाधान के लिए ठोस योजना की मांग की।

कोरबा के प्रदूषण के मुद्दे पर सांसद महंत का यह कदम कोरबा और आसपास के लोगों की बड़ी चिंता को संसद में उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। अब देखना यह है कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठाती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button