राज्य समाचार

रायगढ़ में राइस मिल के गोदाम में भीषण आग, चावल-बारदाना और भूसा जलकर खाक, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Spread the love

रायगढ़ । जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र स्थित छातामुड़ा चौक में एक राइस मिल के गोदाम में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे चावल, बारदाना और भूसे को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, छातामुड़ा चौक स्थित शिव ट्रेडिंग राइस मिल के गोदाम से रविवार देर रात करीब 11 बजे कर्मचारियों ने धुआं निकलते देखा। जब तक कर्मचारी स्थिति को समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। कर्मचारियों ने तत्काल राइस मिल संचालक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।

WhatsApp Group
Telegram Channel Join Now

 

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे चावल, बारदाना और भूसे जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगातार फैलती रही। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने तीन फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर तैनात किया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की।

करीब पांच घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद तड़के लगभग 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि समय रहते दमकल और पुलिस की सक्रियता से आग को आसपास के क्षेत्रों और अन्य गोदामों तक फैलने से रोक लिया गया।

 

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जिला सेनानी ब्लासियुस कुजूर ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आग लगने की इस घटना ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने राइस मिल संचालकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button