राजनीतीराज्य समाचारराष्ट्रीय खबरेंरोचक तथ्य

“न माँ, न पत्नी, न बहन…” महंत के बयान से गरमाई छत्तीसगढ़ की राजनीति, देखिए वीडियो…

कोरबा | विशेष संवाददाता

छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपने बेबाक और तीखे बयानों के लिए पहचाने जाने वाले नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए अफीम खेती मामले को लेकर कोरबा पहुंचे डॉ. महंत ने राज्य की भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि सरकार ही अफीम और सूखे नशे की खेती करवा रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में सूखा हो या गीला, सरकार सब नशा के कारोबार कर रही है।

डॉ. महंत ने आगे कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब में मिलावट, ओवर रेट समेत जमकर कमीशनखोरी हो रही है। नेता प्रतिपक्ष ने इस पूरे मामले में राज्य की भाजपा सरकार समेत मंत्रियों को भी शामिल बताया।

महंगाई को लेकर पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

बढ़ती महंगाई को लेकर भी डॉ. चरणदास महंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “न तो उनकी माँ है, न पत्नी है, न बहन है तो उनको कहाँ किसी की चिंता रहेगी और कैसे महतारी का वंदन करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि “गैस सिलेंडर के अभी दाम बढ़े हैं, फिर मक्का के दाम बढ़ेंगे, फिर गेहूं के… ऐसे ही दिन-ब-दिन महंगाई बढ़ती जाएगी।”

अफीम खेती मामले से गरमाई राजनीति

दरअसल दुर्ग जिले के समोदा गांव में हाल ही में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई में खेत से बड़ी संख्या में अफीम के पौधे बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह खेती मक्का की फसल के बीच छिपाकर की जा रही थी।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और जांच की मांग कर रहा है। वहीं इस मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

कम बोलते हैं महंत, लेकिन जब बोलते हैं तो सियासत में मचती है हलचल

छत्तीसगढ़ की राजनीति में डॉ. चरणदास महंत को एक ऐसे नेता के रूप में जाना जाता है जो आम तौर पर कम बोलते हैं, लेकिन जब भी बोलते हैं तो उनके बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन जाते हैं। उनकी वाक कला और राजनीतिक अनुभव के कारण उनके बयानों के कई मायने निकाले जाते हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महंत अक्सर सोच-समझकर बयान देते हैं और उनके शब्दों में कई बार गहरे राजनीतिक संकेत भी छिपे होते हैं। जो लोग उन्हें करीब से जानते हैं, वे भी कहते हैं कि महंत ऐसे ही कुछ नहीं बोलते।

पहले भी बयान से मचा चुके हैं सियासी तूफान

यह पहली बार नहीं है जब डॉ. चरणदास महंत के बयान ने राजनीतिक हलचल पैदा की हो। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान राजनांदगांव में आयोजित एक सभा में भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में काफी चर्चा हुई थी।

ऐसे में कोरबा में दिया गया उनका ताजा बयान भी प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी टकराव और तेज हो सकता है।

देखिए वीडियो

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button