स्मार्ट मीटर जागरूकता शिविर में 113 उपभोक्ताओं ने डाउनलोड किया मोर बिजली ऐप

25 शंकाओं का मौके पर हुआ समाधान
दुर्ग । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत बघेरा जोन के तहत गया बाई गवर्नमेंट स्कूल के सामने आयोजित स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शिविर उपभोक्ताओं के लिए बेहद मददगार साबित हुआ। बिजली विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में न केवल तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि मौके पर ही शिकायतों का निपटारा कर उपभोक्ताओं को त्वरित राहत प्रदान की गई।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की बारीकियों से अवगत कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 113 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने मोबाइल में ‘‘मोर बिजली ऐप’’ डाउनलोड किया। अधिकारियों ने उन्हें ऐप के माध्यम से बिजली खपत की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ऑनलाइन बिल भुगतान की प्रक्रिया सिखाई। शिविर में अपनी शंकाएं लेकर पहुंचे 25 उपभोक्ताओं की शंकाओं का विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में 63 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की उपयोगिता और विभाग की इस पहल पर अपना सकारात्मक फीडबैक दर्ज कराया।
शिविर में स्थानीय पार्षदों और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जनप्रतिनिधियों में पार्षद वार्ड नंबर 03 गया नगर नरेंद्र बंजारे और पार्षद वार्ड नंबर 04 राजीव नगर लीना दिनेश देवांगन शामिल हुए।
विभागीय टीम का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता, नगर वृत्त दुर्ग जे. जे. प्रसाद और कार्यपालन अभियंता, नगर संभाग दुर्ग आर. के. दानी ने किया। साथ ही कार्यपालन अभियंता गीता ठाकुर, सहायक अभियंता अंजू देसाई, कनिष्ठ अभियंता कुमुद और सुरेश सोनी ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ समझाए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्मार्ट मीटर न केवल सटीक बिलिंग सुनिश्चित करता है, बल्कि उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर नियंत्रण रखने की शक्ति भी देता है। पार्षदों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उपभोक्ताओं और विभाग के बीच विश्वास बढ़ता है।
Live Cricket Info
