पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में गरबा-डांडिया महोत्सव आज से, आकर्षक सजावट और रोज़ाना इनाम के साथ होगा आयोजन
कोरबा। नवरात्र पर्व की शुरूआत के साथ ही शहर में गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिलेगी। सार्वजनिक गरबा (डांडिया) उत्सव समिति, पंडित रविशंकर शुक्ल नगर द्वारा इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। स्थल को रंग-बिरंगी रोशनियों, मैजिक लाइटिंग और उच्च स्तरीय साउंड सिस्टम से सजाया गया है। गुजरात की तर्ज पर तैयार यह आयोजन हर रात भक्तिमय और उत्सवधर्मी माहौल का अहसास कराएगा।
समिति अध्यक्ष गणेश्वर दुबे ने बताया कि इस बार प्रतिभागियों के लिए बम्पर आकर्षक इनाम रखे गए हैं। फाइनल नाइट पर ग्रैंड प्राइज का ऐलान किया जाएगा, वहीं रोज़ाना प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी संतावना पुरस्कार और विशेष गिफ्ट से नवाज़ा जाएगा।

डांडिया को और रोचक बनाने के लिए हर दिन का अलग ड्रेस कोड तय किया गया है। इसमें सफेद, लाल, नारंगी, पीला, हरा, सलेटी, नीला, जामुनी और गुलाबी जैसे रंग शामिल हैं। चयनकर्ताओं की विशेष समिति रोज़ाना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन करेगी और उन्हें मंच पर पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि सभी लोग निःशुल्क डांडिया में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे स्थल पर सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई है।
समिति अध्यक्ष गणेश्वर दूबे ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष हो रहा है और इस बार इसे और भव्य रूप देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान समेत स्थानीय नागरिकों का बड़ा सहयोग मिल रहा है।
Live Cricket Info

