राज्य समाचार

गांधी जयंती पर युवा कांग्रेस देशभर में वाद-विवाद स्पर्धा कराएगी, कार्यक्रम की शुरूआत छत्तीसगढ़ से

रायपुर। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा भारत के युवाओं के बीच संचार कौशल विकसित करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर ‘यंग इंडिया के बोल 2019’ वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन पूरे देशभर में किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देश पर छत्तीसगढ़ से की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता विवेक मेहता और मैनुद्दीन एचजे की विशेष उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमेन शैलेष नितिन त्रिवेदी द्वारा की गयी। राष्ट्रीय मीडिया टीम के प्रवक्ता संजीव शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता शेख मुशीर, विपिन मिश्रा, प्रभारी महामंत्री अशरफ हुसैन और रायपुर जिलाध्यक्ष आकाशदीप शर्मा ने प्रतियोगिता से जुड़ी बातें पत्रकारों के सामने रखी। उन्होंने कहा कि आज से यह लिंक के माध्यम से देश भर के युवा प्रतियोगिता की जानकारी लेकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी ने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस की प्रतियोगिता के माध्यम से भविष्य के वक्ता सार्वजनिक रूप से बोलने की प्रतिभा के कौशल का प्रदर्शन कर पाएंगे। इस पहल की कल्पना युवा प्रतिभाओं को एक मंच देने के लिए की गई है। जो युवा साथियों को प्रेरित करने और सहभागी लोकतंत्र को प्रोत्साहित करने के लिए अपने विचारों का संचार कर सकते हैं। भारत सबसे युवा लोकतंत्र है। आज के परिदृश्य में अपने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में अधिक जागरूक व सहभागी बनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की आवश्यकता है।
भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा इस प्रतियोगिता को वर्तमान में तीन राज्यों छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और बिहार में शुरू किया जा रहा हैं। प्रतियोगिता जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिसमें हम प्रतिभागियों को वाद-विवाद सह भाषण देने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यंग इंडिया के बोल 2019 भाषण प्रतियोगिता एक प्रेरक और शक्तिशाली भाषण के माध्यम से सभी युवाओं और कॉलेज छात्रों को अपने विचार व्यक्त करने के लिए है। इस प्रकार युवा और कॉलेज के छात्रों के बीच नेतृत्व क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आयु सीमा 18 से 35 के बीच रखी गई हैं।
यंग इंडिया के बोल 2019 के विजेता को राज्य और जिले के युवा आइकन के रूप में पुरस्कृत किया जाएगा और उन्हें प्रोत्साहन राशि, पुरस्कार, प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर तय की गई है।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button