राज्य समाचार

डीकेएस अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. पुनीत गुप्ता पिता व वकील के साथ पहुंचे गोलबाजार थाने

अस्पताल में हुए 50 करोड़ रुपए के घोटाले में आरोपी हैं पूर्व सीएम रमन सिंह के दामाद, पुलिस पूछताछ के लिए तीसरा नोटिस जारी होने के बाद डॉ. गुप्ता पहुंचे थाने

रायपुर। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के दामाद और डीकेएस अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. पुनीत गुप्ता सोमवार सुबह गोलबाजार थाने पहुंच गए। डीकेएस अस्पताल में हुए 50 करोड़ रुपए के घोटाले में डॉ. गुप्ता आरोपी हैं। इसके साथ ही उनके ऊपर अस्पताल की निविदा व भर्ती के साथ गड़बडिय़ों के कई गंभीर आरोप भी हैं। पुलिस इससे पहले भी डॉ. गुप्ता को बयान दर्ज कराने के लिए दो नोटिस जारी कर चुकी थी।
डॉ. पुनीत गुप्ता सोमवार सुबह अपने पिता डॉ. जीबी गुप्ता और पांच वकीलों की टीम के साथ गोलबाजार थाने पहुंच गए हैं। यहां पर जांच टीम में शामिल आजाद नगर सीएसपी नासिर सिद्दीकी पुनीत गुप्ता से पूछताछ की हैं। पुलिस ने इससे पहले एक मई को दूसरा नोटिस जारी कर डॉ. गुप्ता को 8 मई की सुबह 11 बजे तक थाने में पेश होने के लिए कहा था। पुलिस ने कहा था कि तीसरे नोटिस के बाद भी अगर डॉ. पुनीत गुप्ता नहीं आते हैं तो उनकी जमानत रद्द करने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया जाएगा। डॉ. पुनीत गुप्ता को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है। वहीं पुलिस पूछताछ करने के लिए उनको नोटिस जारी कर रही थी। हालांकि डॉ. गुप्ता दो नोटिस के बाद भी थाने में हाजिर नहीं हुए। इस पर डॉ. पुनीत गुप्ता के विदेश भागने की संभावना के मद्देनजर लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। इसके पहले 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे डॉ. गुप्ता को एसआईटी ने बयान दर्ज कराने गोल बाजार थाने बुलाया था, लेकिन दो घंटे के इंतजार के बावजूद वे नहीं आए और टीम ढाई घंटे इंतजार के बाद लौट गई।
डीकेएस अस्पताल में डॉ. पुनीत गुप्ता के अधीक्षक पद पर रहते हुए 50 करोड़ रुपए घोटाले समेत कई अनियमितताओं को लेकर फर्जीवाड़े के आरोप है। अस्पताल के वर्तमान अधीक्षक डॉ. केके सहारे ने 15 मार्च को डॉ. पुनीत गुप्ता के खिलाफ गोलबाजार थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

Live Cricket Info

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Related Articles

Back to top button