BALCO में ‘सेटिंग सिंडिकेट’ का बड़ा खुलासा : मंच से जयसिंह का विवादित बयान, अंदरखाने कनेक्शन पर उठे सवाल, “सीईओ को जूते से मारेंगे” बयान से गरमाया माहौल, महापौर संजू देवी का संतुलित रुख चर्चा में
कोरबा । विशेष खबर । कोरबा का औद्योगिक केंद्र BALCO इन दिनों उत्पादन और रोजगार से ज्यादा एक कथित “सेटिंग सिंडिकेट” को लेकर सुर्खियों में है । मंच से पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की तीखी बयानबाजी ने इस पूरे मामले को अचानक चर्चा के केंद्र में ला दिया है । लेकिन इस बयान के बाद अब जो अंदरखाने परतें खुल रही हैं, वे और ज्यादा गंभीर तस्वीर पेश कर रही हैं ।

सार्वजनिक मंच से जयसिंह अग्रवाल ने BALCO के CEO राजेश कुमार और अधिकारी धन्नजय मिश्रा का नाम लेते हुए कहा कि “जूते से मारेंगे” । यह बयान केवल गुस्से का इजहार नहीं, बल्कि सीधे टकराव का संकेत माना जा रहा है । खास बात यह रही कि उन्होंने खुद स्पष्ट किया कि यह कोई जुबान फिसलना नहीं, बल्कि सोच-समझकर दिया गया बयान है ।

हालांकि इस बयान के बाद अब सवाल यह उठने लगे हैं कि क्या यह सिर्फ जनहित की आवाज है या इसके पीछे बदलते समीकरणों की कहानी भी छिपी है ।
अंदरखाने “नेटवर्क” की चर्चा तेज
सूत्रों के हवाले से BALCO और उससे जुड़े ठेका क्षेत्रों में एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की चर्चाएं तेजी से सामने आ रही हैं । आरोप है कि इंटक से जुड़े कुछ प्रभावशाली चेहरे — जिनमें जयप्रकाश, संजय सिंह और उनके करीबी शामिल बताए जा रहे हैं — विभिन्न कंपनियों और ठेकेदारों के साथ तालमेल बनाकर काम आवंटन, भर्ती और प्रमोशन तक प्रभावित कर रहे हैं ।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पारस यादव नाम का एक व्यक्ति, जो किसी आधिकारिक पद पर नहीं है, लेकिन प्रभावशाली रिश्तों के चलते मजबूत पकड़ बनाए हुए है, पावर प्लांट और ठेका क्षेत्रों के निर्णयों को प्रभावित करता है । NGSL, शिवशक्ति और ब्रह्मापुरा जैसे प्रोजेक्ट्स में “सेटिंग” के जरिए काम और लेन-देन संचालित होने की बातें सामने आ रही हैं ।
इसी कड़ी में भूपेश सिरसत और विजय साहू जैसे नाम भी चर्चा में हैं । खासतौर पर विजय साहू को ठेका श्रमिकों के बीच एक अनौपचारिक “कंट्रोल प्वाइंट” के रूप में देखा जा रहा है, जहां नौकरी, प्रमोशन और लेन-देन से जुड़े मामलों का निपटारा होता है । हालांकि इन सभी दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है ।
प्रबंधन की भूमिका पर बड़े सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल BALCO प्रबंधन की भूमिका को लेकर उठ रहा है । CEO राजेश कुमार और प्रशासनिक प्रमुख धन्नजय मिश्रा पर यह प्रश्न खड़े हो रहे हैं कि क्या उन्हें इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है, या फिर यह सब उनकी जानकारी में ही संचालित हो रहा है ।
यदि प्रबंधन सख्ती से काम कर रहा होता, तो क्या इस तरह के आरोप लगातार और इतने संगठित तरीके से सामने आते ? यही सवाल अब आम चर्चा का विषय बन गया है ।
राजनीतिक एंगल भी आया सामने
इस पूरे मामले में राजनीतिक प्रभाव का एंगल भी जुड़ता नजर आ रहा है । सूत्रों के अनुसार इंटक से जुड़े कुछ लोग सत्ताधारी और विपक्ष दोनों से तालमेल बनाकर काम कर रहे हैं । यही वजह है कि मामला मजदूर हितों से आगे बढ़कर “राजनीतिक-औद्योगिक गठजोड़” की शक्ल लेता दिख रहा है ।
इधर यह भी चर्चा में है कि प्रशासनिक प्रमुख धन्नजय मिश्रा का वैचारिक झुकाव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर बताया जाता है । कुछ सूत्रों का दावा है कि प्लांट के अंदरूनी माहौल में “कांग्रेसीकरण” की झलक दिखाई दे रही है और समय-समय पर आंतरिक सूचनाएं बाहर आकर राजनीतिक मुद्दा बन जाती हैं । हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है ।
यहां एक अहम सवाल खड़ा होता है — क्या किसी अधिकारी का निजी राजनीतिक झुकाव उसके प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित कर रहा है ?
बयान बनाम जमीनी हकीकत
जयसिंह अग्रवाल के तेवर को भी बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है । चर्चा है कि सरकार बदलने के बाद BALCO में ठेके और प्रभाव का संतुलन बदला है, जिससे कुछ पुराने प्रभावशाली चेहरों की पकड़ कमजोर हुई है । ऐसे में मंच से आक्रामक बयानबाजी को दबाव की राजनीति के रूप में भी देखा जा रहा है ।
हालांकि यह भी सच है कि विस्थापन और स्थानीय अधिकार जैसे मुद्दे वास्तविक हैं । लेकिन जिस भाषा और शैली में इन्हें उठाया जा रहा है, उससे इन मुद्दों की गंभीरता कमजोर होती नजर आती है । इससे पहले भी जयसिंह अग्रवाल द्वारा अधिकारियों और कलेक्टर के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा चुका है, जिसका असर 2023 के चुनाव में भी देखने को मिला था ।
महापौर संजू देवी का स्पष्ट रुख
इस पूरे विवाद में महापौर संजू देवी राजपूत का रुख सबसे संतुलित और स्पष्ट माना जा रहा है । उन्होंने साफ कहा है कि बिना उचित विस्थापन किसी भी गरीब की दुकान नहीं टूटने दी जाएगी ।
यह बयान न केवल राजनीतिक रूप से परिपक्व है, बल्कि जमीनी स्तर पर असर डालने वाला भी माना जा रहा है ।
जनता अब फर्क समझ रही है
पूरा मामला अब दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है —
एक तरफ मंच से दी जा रही आक्रामक चेतावनियां
दूसरी तरफ जमीन पर लिया जा रहा ठोस निर्णय
कोरबा की जनता अब इस फर्क को साफ-साफ समझ रही है । वह देख रही है कि कौन सिर्फ बोल रहा है और कौन वास्तव में खड़ा है ।
अब बड़े सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही है —
- क्या BALCO में चल रहे कथित “सेटिंग सिंडिकेट” की निष्पक्ष जांच होगी ?
- क्या इंटक और उससे जुड़े नामों की भूमिका साफ होगी ?
- क्या प्रबंधन अपनी जवाबदेही तय करेगा ?
- या फिर यह मामला भी कुछ दिनों की सुर्खियों के बाद ठंडा पड़ जाएगा ?
क्योंकि इस बार मामला सिर्फ बयान का नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम की साख का है ।
और कोरबा की जनता अब सिर्फ शोर नहीं, सच और कार्रवाई चाहती है ।

Live Cricket Info
