राजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

वार्ड 26 के विकास के लिए पार्षद अब्दुल रहमान सक्रिय, जनदर्शन में रखी सड़क, नाला और राशन दुकान की मांग

कोरबा। शहर के वार्ड क्रमांक 26 पं. रविशंकर शुक्ल नगर क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पार्षद अब्दुल रहमान लगातार पहल कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में तीन अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।

जनदर्शन में दिए गए आवेदनों के माध्यम से पार्षद ने कृष्णा नगर और चौहान मोहल्ला क्षेत्र में नाला निर्माण, सीसी रोड व नाली की मरम्मत तथा वार्ड में उचित मूल्य की दुकान शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बरसात से पहले नाला निर्माण की मांग

पार्षद अब्दुल रहमान ने बताया कि कृष्णा नगर स्थित नाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसके कारण बरसात के समय नाले का पानी आसपास के मकानों में घुसने का खतरा बना रहता है। पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान कई घरों को नुकसान पहुंचा था। यदि समय रहते नाले का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले बरसात में बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए उन्होंने बरसात से पहले नाला निर्माण कराने की मांग की है।

जर्जर सीसी रोड और नाली से लोगों को परेशानी

इसके साथ ही कृष्णा नगर क्षेत्र की सीसी रोड और नाली भी जर्जर हो चुकी है, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। पार्षद ने कलेक्टर से इस सड़क और नाली के निर्माण व मरम्मत के लिए जल्द निविदा स्वीकृत करने का आग्रह किया है।

वार्ड में उचित मूल्य की दुकान खोलने की मांग

इसके अलावा पार्षद ने वार्ड क्रमांक 26 में उचित मूल्य की दुकान (राशन दुकान) खोलने की भी मांग की है। वर्तमान में वार्ड के लोगों को राशन लेने के लिए वार्ड 25 जाना पड़ता है, जिससे भीड़ बढ़ जाती है और लोगों को काफी परेशानी होती है। पार्षद ने जनदर्शन में आवेदन देकर वार्ड में उपलब्ध रिक्त भवन या स्थल पर नई राशन दुकान आबंटित करने की मांग की है।

पार्षद अब्दुल रहमान का कहना है कि वार्ड के नागरिकों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है, इसलिए जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन तक मुद्दों को पहुंचाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे वार्ड के लोगों को राहत मिल सकेगी।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button