तमनार पहुंचे SSP शशि मोहन सिंह, नशे के खिलाफ जन-जागरूकता कार्यक्रम में दिया सख्त संदेश

रायगढ़ । नशा अपराध की जड़ है और इसे समाप्त करने के लिए समाज की सक्रिय सहभागिता बेहद जरूरी है। इसी संदेश के साथ रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोडकेल में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। स्कूल प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” रहा, जिसमें ग्रामीणों और युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक रायगढ़ सुशांत बनर्जी, थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बच्चों ने अतिथियों का तिलक, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर शशि मोहन सिंह द्वारा नशामुक्ति संदेश से जुड़े गीत “नशा नाश की जड़ है भैया” का क्लैप बोर्ड के माध्यम से लोकार्पण किया गया। इसी गीत पर मिडिल स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान को जीवंत रूप में दर्शाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने कोडकेल को नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों ने एक माह के भीतर पंचायत को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध की जड़ में नशा एक बड़ा कारण है, इसी को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में शराब और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महाअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा केवल शराब या गांजा तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वह आदत भी नशा है, जो व्यक्ति को अपराध की ओर ले जाती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि नशामुक्त रायगढ़ के लिए आमजन की भागीदारी अनिवार्य है। अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। डीएसपी सुशांत बनर्जी ने भी जिले में प्रचलित विभिन्न नशों पर विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी तमनार ने कोडकेल की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि “जागृति नशामुक्ति समिति” के माध्यम से महिलाएं बड़ी संख्या में संगठित होकर नशे के खिलाफ आवाज उठा रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के अंत में “युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रेम कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि संचालन रामधन मल्लाह ने किया। इस अवसर पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का आयोजन हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Live Cricket Info