राज्य एव शहररोचक तथ्य

आस्था और विकास का संगम : रविशंकर नगर हनुमान मंदिर परिसर में सीमेंट रोड सहित विकास कार्यों का भूमिपूजन

कोरबा। नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 26 स्थित रविशंकर नगर के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र हनुमान मंदिर परिसर में सीमेंट कंक्रीटीकरण सड़क एवं अन्य विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं अधिवक्ता अब्दुल रहमान ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की शुरुआत कराई। भूमिपूजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य एवं मंदिर के व्यवस्थापक के. के. दुबे जी, वर्मा जी, प्रकाश जी, गणेश्वर दुबे (गन्नू), भाई असरफ जी, चिराग़ सावरकर जी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

रविशंकर नगर स्थित यह हनुमान मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था का केंद्र रहा है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना भगवान हनुमान पूर्ण करते हैं। यही कारण है कि प्रतिदिन सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचती है। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग के सीमेंट कंक्रीटीकरण से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलेगी।

इस अवसर पर पार्षद अब्दुल रहमान ने कहा कि वार्ड 26 में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनका संकल्प है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वार्ड में स्थित शिव मंदिर का भी कायाकल्प कराया गया था, जिसे क्षेत्रवासियों ने सराहा। अब हनुमान मंदिर परिसर के विकास से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी।

उल्लेखनीय है कि अब्दुल रहमान लगातार तीन बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर वार्डवासियों का भरोसा जीतते आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उनके कार्यकाल में वार्ड में सड़क, नाली, मंदिर और अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है। भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्रवासियों में यह उम्मीद और मजबूत हुई है कि आने वाले समय में रविशंकर नगर विकास और आस्था का एक आदर्श उदाहरण बनेगा।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button