अपराधराजनीतीराज्य एव शहररोचक तथ्य

“ननकीराम जी अब किसने पिला दी बेटे को शराब ?”: संदीप कंवर के नए कारनामे पर फिर उठे सवाल, शराब पीकर भाजपा नेता ने थाने में किया हंगामा

कोरबा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। कोरबा शहर के इतवारी बाजार में कथित तौर पर नशे की हालत में कार चलाते हुए एक दुकान में टक्कर मारने, दुकानदार से मारपीट करने और बाद में पुलिस थाने में भी हंगामा करने की घटना ने पूरे शहर में चर्चा का माहौल बना दिया है। घटना के बाद शहर की सियासत भी गरमा गई है और लोग तंज कसते हुए पूछ रहे हैं— “ननकीराम जी आखिर इस बार संदीप कंवर को शराब किसने पिलाई ?”

दरअसल यह पहला मौका नहीं है जब संदीप कंवर का नाम किसी विवाद में सामने आया हो। इससे पहले भी उनके व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद मामला राजनीतिक रंग ले बैठा था। उस समय स्वयं ननकीराम कंवर ने अपने बेटे के समर्थन में कई गंभीर आरोप लगाए थे।

पहले भी लगा था ‘जबरन शराब पिलाने’ का आरोप

कुछ समय पहले रायपुर में हुए एक प्रकरण को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर धरने पर बैठ गए थे। उस समय उन्होंने दावा किया था कि उनके पुत्र संदीप कंवर को जबरदस्ती शराब पिलाई गई थी और इसके पीछे तत्कालीन कोरबा कलेक्टर के लोगों का हाथ बताया था। यह आरोप उस समय काफी सुर्खियों में रहा था और राजनीतिक हलकों में इसकी व्यापक चर्चा हुई थी। कलेक्टर पर लगाये किसी भी आरोप को ननकीराम आज तक साबित नहीं कर पाए।

हालांकि बाद में लगाए गए आरोपों को लेकर कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आ पाए और न ही प्रशासनिक स्तर पर इन आरोपों की पुष्टि हो सकी। यही वजह रही कि कई लोगों ने उस पूरे प्रकरण को लेकर सवाल भी उठाए थे।

अब फिर उठ रहे वही सवाल

कोरबा में हुई ताजा घटना के बाद एक बार फिर वही पुरानी बातें चर्चा में आ गई हैं। स्थानीय लोगों और राजनीतिक जानकारों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि यदि पहले की तरह फिर कोई आरोप लगाया जाएगा तो इस बार जिम्मेदारी कौन लेगा।

लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के व्यवहार पर समाज की नजर स्वाभाविक रूप से अधिक रहती है। ऐसे में जब बार-बार विवाद सामने आते हैं तो यह केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रह जाता बल्कि पूरे राजनीतिक वातावरण को प्रभावित करता है।

दुकान में घुस गई कार, मच गया हड़कंप

बताया जा रहा है कि बुधवार को कोरबा शहर के व्यस्त इलाकों में से एक इतवारी बाजार में अचानक अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक नशे की हालत में था और वाहन पर “विधायक रामपुर” लिखा हुआ था।

हादसे के बाद जब दुकान मालिक और आसपास के लोगों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर गाड़ी चला रहे युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ गया। इस दौरान मारपीट की भी बात सामने आई है, जिससे बाजार में मौजूद लोगों के बीच आक्रोश का माहौल बन गया।

पीड़ित पक्ष का पुलिस विभाग से संबंध

जानकारी के मुताबिक जिस दुकान में कार टकराई वह अजीन कुरैशी की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई नरमी नहीं दिखी और विवाद बढ़ता चला गया।

थाने में भी हुआ हंगामा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली थाना लेकर पहुंची। लेकिन यहां भी मामला शांत होने के बजाय और गरमा गया। आरोप है कि थाने के अंदर भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने हंगामा किया और अपने पिता के राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए चुनौतीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया।

सूत्रों के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में भी आश्चर्य और नाराजगी का माहौल देखा गया।

पुलिस के सामने से ही फरार

सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि आरोपी कथित तौर पर पुलिस की मौजूदगी में ही गाली-गलौज करते हुए वहां से अपनी कार लेकर निकल गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं और शहर में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस कर रही जांच

मामले को लेकर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में एक कार चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाते हुए दुकान में टक्कर मारने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि आवेदन में जिस वाहन का उल्लेख है उस पर “विधायक रामपुर” लिखा हुआ बताया गया है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान कर रही है और मामले की विधिवत जांच के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद शहर में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग यह देखना चाहते हैं कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन आगे क्या कदम उठाते हैं।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button