VIP रोड पर अवैध कब्जे से खतरा: स्कूल के पास गिट्टी-बालू का कारोबार, क्या नगर निगम बड़ी अनहोनी का कर रहा इंतजार ?

कोरबा। शहर के VIP मार्ग में मेडिसिन कॉर्नर के पास CSEB की पार्किंग भूमि पर हुए अवैध कब्जे का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस स्थान से लगभग 50 मीटर की दूरी पर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं। लेकिन सड़क किनारे अवैध रूप से गिट्टी, बालू और निर्माण सामग्री डंप किए जाने तथा वहां से लगातार वाहन भरने-खाली करने की गतिविधियों से बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से गिट्टी-बालू लाकर सड़क किनारे डंप किया जाता है और फिर वहीं से भरकर ले जाया जाता है। इस दौरान उड़ने वाली धूल और भारी वाहनों की आवाजाही से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
अभिभावकों का आरोप है कि सुबह और दोपहर के समय जब बच्चे स्कूल आते-जाते हैं, उसी दौरान भारी वाहनों की आवाजाही तेज रहती है। सड़क किनारे गिट्टी-बालू फैले रहने और वाहन खड़े रहने के कारण बच्चों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन इसी वजह से छोटे-बड़े हादसे भी होते रहते हैं। बाइक सवारों के फिसलने और वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक इस गंभीर मामले में ठोस कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं।
बुधवार को लगने वाले बुधवारी बाजार के दिन तो स्थिति और भी विकट हो जाती है। बाजार की भीड़, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां और अवैध रूप से रखी निर्माण सामग्री के कारण VIP रोड पर घंटों जाम लगा रहता है। इस दौरान स्कूली बच्चों, अभिभावकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह जमीन मूल रूप से पार्किंग के लिए छोड़ी गई थी ताकि आसपास के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स और बाजार में आने वाले लोग अपनी गाड़ियां व्यवस्थित रूप से खड़ी कर सकें। लेकिन आज इस सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर निजी व्यवसाय चलाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अब लोगों के बीच बड़ा सवाल उठ रहा है—क्या नगर निगम किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा ? या फिर इन बेजा कब्जाधारियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है ? कहीं ऐसा तो नहीं कि यह पूरा मामला वसूली के खेल का हिस्सा बन चुका है, जिसकी वजह से खुलेआम अतिक्रमण होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही ?
नागरिकों और अभिभावकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर विषय में तत्काल संज्ञान लेते हुए VIP रोड स्थित CSEB की इस भूमि को बेजा कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही यहां डंप की गई गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री को तुरंत हटाकर इस स्थल को पुनः पार्किंग के रूप में विकसित किया जाए, ताकि बाजार और व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में आने वाले लोगों को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिल सके।
शहरवासियों का कहना है कि VIP रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। नगर निगम को तुरंत कार्रवाई करते हुए इस अतिक्रमण को हटाना चाहिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था दोनों सुरक्षित रह सकें।
Live Cricket Info