छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप बनेगी विशेष कृषि नीति: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

रायपुर । केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में उन्नत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विशेष प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और राज्य सरकार के अधिकारियों की संयुक्त टीम अगले एक सप्ताह में छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप एक विशेष कृषि नीति तैयार करेगी।
मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में कृषि विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में फसल विविधिकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी जोत वाले किसानों को पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अनुसंधान और उन्नत किस्मों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने वाले शोध को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने फॉर्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन को मजबूत करने, कृषि यंत्रों के वितरण और विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेज़ी से कार्य हो रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिल रहा है।
Live Cricket Info