रमजान के पाक माह में रेड क्रॉस की मानवीय पहल, जिला अस्पताल में 250 मरीजों को वितरित किए गए फल

कोरबा। रमजान के पवित्र माह के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा शुक्रवार 13 मार्च 2026 को जिला चिकित्सालय कोरबा में फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती लगभग 250 मरीजों को विभिन्न प्रकार के फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
यह कार्यक्रम इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी कोरबा के संरक्षक मो. शफी के सौजन्य से आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य रमजान के पावन अवसर पर समाज में एकता, भाईचारा और मानवता का संदेश फैलाना तथा अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद मरीजों के प्रति संवेदनशीलता प्रकट करना रहा।
रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा प्रत्येक वर्ष रमजान के महीने में इस प्रकार का सेवा कार्य किया जाता है, ताकि अस्पताल में उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों को यह एहसास हो सके कि समाज उनके साथ खड़ा है और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआ कर रहा है। फल वितरण के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा और सहयोग का भाव दिखाई दिया तथा मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए रेड क्रॉस के सदस्यों को धन्यवाद दिया।
रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमेन रामसिंह अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि रमजान का पवित्र महीना हमें सेवा, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज की संवेदनशीलता और एकजुटता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस छोटे से प्रयास के माध्यम से मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की जाती है और उन्हें यह विश्वास दिलाया जाता है कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। रमजान का असली संदेश यही है कि हम जरूरतमंदों की मदद करें, एक-दूसरे का सहारा बनें और समाज में प्रेम व भाईचारा बढ़ाएं।
कार्यक्रम में वाईस चेयरमेन राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, राज्य शाखा के जिला प्रतिनिधि योगेश जैन, हाजी अखलाख खान, जुम्मन खान, यूथ/जूनियर रेड क्रॉस सचिव जफर अली, यूथ/जूनियर रेड क्रॉस संगठक राहुल मोदी, डी.के. तिवारी, रनजय सिंह कश्यप, रोहित कश्यप, राजू ठाकुर, राजू शर्मा, नीरज मिश्रा, रूपेश साहू, राकेश दास सहित भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
फल वितरण कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा भावना और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला। मरीजों और बुजुर्गों ने इस नेक कार्य के लिए आयोजकों को आशीर्वाद देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
Live Cricket Info
