11/04/2026

गन्ना मूल्य और धान खरीदी को लेकर किसानों का चक्काजाम, हाईवे पर लगा जाम

0
chakkajaam

कवर्धा ।    गन्ने की कीमत में बढ़ोतरी और धान खरीदी की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने सोमवार को कवर्धा–मुंगेली नेशनल हाईवे 130-ए पर पंडरिया के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भारतीय किसान संघ ने आरोप लगाया कि शक्कर कारखाने में गन्ने का समर्थन मूल्य पिछले पांच वर्षों से नहीं बढ़ाया गया है, जबकि बाहरी बाजारों और अन्य शुगर मिलों में गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है। इसके बावजूद स्थानीय किसानों को कम दर पर गन्ना बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

किसान नेताओं ने यह भी कहा कि शुगर मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले कई किसानों को अब तक पूरा भुगतान नहीं मिल पाया है। भुगतान में हो रही देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है।

धान खरीदी को लेकर भी किसानों में नाराजगी देखी गई। किसान संघ का कहना है कि जिले में अब भी हजारों किसान ऐसे हैं जो अपनी धान की फसल नहीं बेच पाए हैं। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने से किसान चिंतित हैं। संघ ने मांग की कि शेष बचे सभी किसानों का धान खरीदा जाए और इसके लिए खरीदी की तिथि तत्काल बढ़ाई जाए।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *