12/04/2026

स्वतंत्रता दिवस पर सांसद चिंतामणी महाराज जशपुर में करेंगे ध्वजारोहण

0

जशपुरनगर । 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांसद चिंतामणी महाराज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। राज्य शासन के द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में ध्वजारोहण के लिए मुख्य अतिथियों के नामों की सूची जारी कर दी गई है। जारी निर्देशानुसार 15 अगस्त के दिन शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस के दिन जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा विनिर्दिष्ट राज्य शासन के  मंत्री, सांसद, विधायक एवं महानुभावों द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जाएगी। निर्देश में कहा गया है कि जिला मुख्यालयों में परेड आयोजित की जाएगी, जिला मुख्यालयों के अलावा अन्य किसी स्थान पर परेड आयोजित नहीं होगी। परेड में सेना, पुलिस, एन.सी.सी., नगर सेना, जेल प्रहरी की टुकड़ियां भाग लेंगी। जिला स्तर पर स्कूली बच्चों के द्वारा देशभक्ति, संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम गरिमामय एवं रूचि पूर्ण हो इसका विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश है।

जनपद पंचायत मुख्यालयों पर संबंधित जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा एवं तत्पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा एवं मुख्य अतिथि द्वारा भाषण दिया जाए। ऐसी नगर पालिका, नगर पंचायत जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका, नगर पंचायत द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा एवं बड़े गांवो में, गांवों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। राष्ट्रीय गान सामूहिक रूप से गाया जाएगा तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को 15 अगस्त का महत्व बताते हुये, उन्हें देश की एकता तथा अखण्डता के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय, सार्वजनिक भवनों, राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। कलेक्टर द्वारा अपने स्तर से 15 अगस्त के अवसर पर शासकीय संस्थाओं से उनके भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं रात्रि में भवनों पर रोशनी करने की अपील की जाएगी। राज्य एवं जिला स्तर पर ध्वजारोहण समारोह प्रातः 9.00 बजे से प्रारंभ किया जाए, ताकि इसके पूर्व नागरिकगण देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह का रेडियो-दूरदर्शन पर होने वाले प्रसारण को सुन व देख सकें। विभाग एवं कार्यालय प्रमुख द्वारा उनके कार्यालय में एकत्रित कर ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान (जन-गण-मन) गाया जाएगा।

अधिकारियों-कर्मचारियों को तथा ध्वजारोहण के पश्चात् सभी शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किये जाए तथा सांस्कृतिक, साहित्यिक, मनोरंजन के कार्यक्रम, खेल-कूद, वृक्षारोपण आदि के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगें। शिक्षण संस्थाओं द्वारा अपने क्षेत्र में प्रातः काल प्रभात-फेरी का आयोजन किया जाएगा तथा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन उपरांत पुरस्कार-प्रमाण, पत्र, मैडल आदि के वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। विश्वविद्यालय-महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण के कार्यक्रम के आयोजन की कार्यवाही संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वनि-विस्तारक यंत्र (लाउड स्पीकर) का उपयोग की अनुमति जिला कलेक्टर द्वारा दी जाएगी। यह भी ध्यान रखा जाए कि ध्वनि विस्तारक यंत्र पर बजाए जाने वाले गाने सुरुचिपूर्ण और सामयिक हो।

जिले में स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के लिए कलेक्टर डॉ. मित्तल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विभागवार कार्यों की जिम्मेदारियां सौंपी है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए समारोह स्थल में बैठक व्यवस्था, पानी, विद्युत, जनरेटर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दायित्व सौंपे। कलेक्टर ने समारोह के गरिमामय आयोजन के लिए सभी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

 

 
HOTEL STAYORRA नीचे वीडियो देखें
Gram Yatra News Video

Live Cricket Info

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed Latest News