
यूक्रेन पर रूस की बमबारी सोमवार को पांचवें दिन भी जारी है। जंग खत्म करने के लिए दोनों देश बेलारूस में बातचीत कर रहे हैं। बातचीत से पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने कहा- हमें इस बातचीत कामयाब होने की कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन अमन की कोशिश करने में कोई हर्ज भी नहीं है।
दूसरी तरफ, यूक्रेन पर 16 घंटे में कब्जा करने का सपना तबाह होते देख अब व्लादिमिर पुतिन ने एटमी हथियारों के इस्तेमाल का खौफनाक प्लान बनाया है। रूस की मीडिया एजेंसी ‘स्पूतनिक’ ने इसकी पुष्टि कर दी है। एटमी कमांड वाली यूनिट की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और इन्हें हमले की तैयारी करने के आदेश दिए गए हैं। डिफेंस मिनिस्टर सर्गेई शोइग्यू ने सोमवार दोपहर राष्ट्रपति पुतिन को हमले के प्लान के बारे में पूरी जानकारी दी। तमाम न्यूक्लियर मिसाइलें फायरिंग मोड पर ला दी गई हैं।
स्टाफ को स्टैंडबाय पर रहने को कहा गया है। बातचीत शुरू होने से पहले यूक्रेन ने रूस से कहा कि वो अपनी सेना को यूक्रेन बॉर्डर से हटाए। दूसरी तरफ, बेलारूस, रूस का साथ देने के लिए यूक्रेन में सैनिकों को भेजने की तैयारी कर रहा है।
- राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन को ‘तत्काल’ यूरोपीय संघ यानी EU की सदस्यता देने की मांग की है।
- यूक्रेन लड़ाई में शामिल होने के इच्छुक कैदियों को मिलिट्री ट्रेनिंग के साथ रिहा कर देगा। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यह ऐलान किया है।
- संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने यूक्रेन में 94 लोगों की मौत और कम से कम 376 नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है।
- यूक्रेन के दो शहरों (बेर्दयांस्क और एनेरहोदार) पर रूस ने कब्जा कर लिया है।
- Airbnb के CEO ने कहा- Airbnb और airbnb.org लगभग एक लाख यूक्रेनी शरणार्थियों को मुफ्त में घर देने के लिए काम कर रहा है।
- यूक्रेन ने दावा किया है कि अब तक लड़ाई में लगभग 5,300 रूसी सैनिक मारे गए हैं। यूक्रेनी सेना ने लगभग 151 टैंक, 29 विमान और 29 हेलीकॉप्टर को तबाह कर दिया है।
- रूस के सेंट्रल बैंक ने प्रमुख ब्याज दर 20% तक बढ़ा दी है। रशियन सिक्योरिटीज को बेचने के लिए विदेशी ग्राहकों की बोलियों पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
- रूसी सेना ने कहा- यूक्रेन के नागरिक स्वतंत्र रूप से कीव छोड़ सकते हैं। कीव-वासिलकिव राजमार्ग से बाहर निकला जा सकता है। यह रास्ता खुला है और सुरक्षित है।
- यूक्रेन ने दावा किया है कि कीव पर कब्जा करने के सभी प्रयासों में रूस नाकाम हुआ है। कीव अब भी यूक्रेन के कब्जे में है।
-
रूस पर दबाव बनाने की कोशिशें
इस टकराव को रोकने और रूस पर दबाव बनाने की कोशिशें भी चल रही हैं। इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के स्पेशल इमरजेंसी सेशन में भेजने के लिए सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में वोटिंग हुई। प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। भारत, चीन और UAE ने फिर वोटिंग से दूरी बनाए रखी।यूरोपीय देश लातविया ने अपने नागरिकों को यूक्रेन की जंग में शामिल होने की छूट दे दी है। यहां संसद ने एक प्रस्ताव पास किया। इसमें कहा गया है कि अगर लातविया के आम लोग यूक्रेन में जाकर लड़ना चाहते हैं तो जा सकते हैं। इसके पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दुनिया भर के लोगों से रूस के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने की अपील की थी।
यूक्रेन युद्ध में अब तक का हाल
यूक्रेन ने बताया कि अब तक रूसी हमले में 352 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें 14 बच्चे भी शामिल हैं। इनके अलावा 1,684 लोग घायल हुए हैं। UN के मुताबिक यूक्रेन छोड़कर दूसरे देशों में शरणार्थियों की संख्या 3 लाख 86 हजार हो गई है।